मनोज बाजपेयी, आज ग्लैमर की दुनिया के एक चर्चित सितारे हैं। लेकिन क्या कोई यह सोच सकता है कि उनकी जिंदगी में एक ऐसा भी भयावह दौर आ गया था , जब उनकी शादी सिर्फ दो महीने में ही टूट गई थी।
जिस लड़की से मनोज बाजपेयी बेइंतहा प्यार करते थे,वो दो महीने में ही उनकी गरीबी से तंग आ गई थी। लगातार मिल रही असफलता और निराशा के कारण, उनके जीवन में एक दौर ऐसा भी आ गया था जब मनोज बाजपेयी सुसाइड करने तक के बारे में सोचने लगे थे।
मनोज बाजपेयी आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के एक छोटे से गांव बेलवा में 23 अप्रैल 1969 को जन्मे मनोज बाजपेयी का जीवन निराशा और संघर्षों से भरा रहा है।
तीन दशक के अपने करियर में मनोज बाजपेयी ने कई शानदार फिल्में की हैं, शानदार अदाकारी के लिए कई बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कारों सहित कई अन्य अवार्ड भी हासिल कर चुके हैं।
बाजपेयी ने एक्टर बनने के लिए पुणे फिल्म इंस्टिट्यूट में दाखिला लेने का भी प्रयास भी किया लेकिन उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा – NSD में भी मनोज को तीन बार ऑडिशन में रिजेक्ट कर दिया गया। एक्टिंग की दुनिया में हर कीमत पर आने के लिए मनोज ने दिल्ली में ही एक थियेटर ग्रुप जॉइन कर लिया। देखते ही देखते ही मनोज थियेटर की दुनिया में एक बड़े नाम बन गए।
एक्ट वन थिएटर ग्रुप में ही मनोज की मुलाकात अपने पहले प्यार यानी दिव्या से हुई। दिव्या उस समय दिल्ली में ग्रेजुएशन कर रही थीं। थिएटर की तरफ उनका भी झुकाव था। वह एक्ट वन थिएटर ग्रुप में रिहर्सल करने आती थीं। पहली ही नजर में मनोज को दिव्या से प्यार हो गया और बात शादी तक पहुंच गई। लेकिन दिव्या के अमीर घरवाले इस शादी के खिलाफ थे क्योंकि उस समय मनोज के संघर्ष के दिन खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे थे।
लड़की के घरवालों से मिल रही धमकियों के कारण पुलिस की सुरक्षा में मनोज को लक्ष्मी नगर के मंदिर में शादी करनी पड़ी। लेकिन उस समय मनोज बाजपेयी की आर्थिक हालत इतनी खराब थी कि पति-पत्नी का गुजारा बहुत मुश्किल से हो पाता था। दिव्या इस आर्थिक तंगी को झेलने को तैयार नहीं थी और दो महीने के अंदर ही उसने मनोज से तलाक ले लिया।
मनोज उस समय अपने जीवन का संघर्ष हारते चले जा रहे थे। पत्नी से दो महीने में ही तलाक हो जाने और NSD में बार-बार रिजेक्ट होते जाने से मनोज बुरी तरह टूट चुके थे। ऐसे में वह सुसाइड तक करने के बारे में सोचने लग गए थे लेकिन उस समय उनके दोस्तों ने उन्हें बचा लिया।
मनोज बाजपेयी ने खुद यह चौंकने वाला खुलासा अपने एक इंटरव्यू में किया था।